अगर कल ही आईपीएल 2027 का पहला मैच खेलना पड़े, तो आरसीबी किस खिलाड़ी की कमी महसूस करेगी? चैंपियन टीम की सबसे बड़ी खूबी यही है कि इस सवाल का जवाब तुरंत नहीं मिलता। जैकब बेथेल और विहान मल्होत्रा समेत 6 खिलाड़ियों की रिलीज ने फैंस को जरूर चौंकाया, लेकिन 16 दिसंबर की नीलामी में आरसीबी को नई टीम खड़ी नहीं करनी है। उसके पास 14.15 करोड़ रुपये हैं। ये पैसे कहां खर्च होने चाहिए, इसका पहला सुराग उन 20 खिलाड़ियों में है जिन्हें टीम ने अपने साथ रखा है।

नीलामी से पहले आरसीबी का स्क्वाड

सूची खिलाड़ी
रिटेन किए गए भारतीय खिलाड़ी (13) रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा, वेंकटेश अय्यर, क्रुणाल पांड्या, कनिष्क चौहान, भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम, यश दयाल, अभिनंदन सिंह, सुयश शर्मा और विक्की ओस्तवाल
रिटेन किए गए विदेशी खिलाड़ी (7) फिल साल्ट, टिम डेविड, जोश हेजलवुड, रोमारियो शेफर्ड, जैकब डफी, नुवान तुषारा और जॉर्डन कॉक्स
रिलीज किए गए खिलाड़ी (6) जैकब बेथेल, विहान मल्होत्रा, मंगेश यादव, स्वप्निल सिंह, सात्विक देसवाल और रिचर्ड ग्लीसन

आरसीबी की ऑक्शन रणनीति समझने के लिए पहले यह देखना होगा कि उसकी संभावित प्लेइंग 12 में कहां कमी रह जाती है। तो आइए, शुरुआत उन खिलाड़ियों से करते हैं जो फिट रहने पर आपको लगभग हर मैच में खेलते दिखाई देंगे।

आरसीबी की प्लेइंग 12 में असली फैसला आखिरी जगह का है

भूमिका संभावित खिलाड़ी
ओपनर विराट कोहली और फिल साल्ट
नंबर 3 और 4 देवदत्त पडिक्कल और रजत पाटीदार
नंबर 5 से 7 टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर) और क्रुणाल पांड्या
नंबर 8 से 11 रसिख सलाम, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और सुयश शर्मा
12वां खिलाड़ी जरूरत के हिसाब से जैकब डफी, वेंकटेश अय्यर या रोमारियो शेफर्ड

यह भी पढ़ें →सिराज बाहर या अंदर? दूसरे टेस्ट के लिए भारत ने तय कर ली प्लेइंग इलेवनक्राइस्टचर्च टेस्ट में गुरनूर बराड़ को अंशुल कंबोज की जगह मौका मिल सकता है। जानिए मोर्कल ने पिच के बारे में क्या कहा और क्यों सिराज फिर बाहर…

सभी फिट रहे तो शुरुआती 11 नाम ज्यादातर मैचों में दिखने चाहिए। इनमें साल्ट की जगह पर थोड़ी बहस हो सकती है। पिछले सीजन में उंगली की चोट के बाद वह टीम से जुड़े थे, लेकिन तब तक वेंकटेश ने ओपनिंग में इतना अच्छा प्रदर्शन कर दिया था कि फाइनल में भी कोहली के साथ वही उतरे। फिर भी इस बार शुरुआती मैचों में पहली पसंद साल्ट ही दिखते हैं।

पाटीदार के पास असली गुंजाइश 12वें खिलाड़ी को लेकर है। एक तेज गेंदबाज ज्यादा चाहिए तो डफी खेल सकते हैं। बल्लेबाजी लंबी करनी हो तो वेंकटेश हैं। आखिरी दो ओवरों में छक्के लगाने वाला ऐसा बल्लेबाज चाहिए जो गेंदबाजी भी कर सके, तो शेफर्ड का दावा बनता है। वेंकटेश को चुनने पर आरसीबी की पूरी प्लेइंग 12 में सिर्फ तीन विदेशी होंगे — साल्ट, डेविड और हेजलवुड। टीम का संतुलन ऐसा है कि चौथा विदेशी खिलाना उसकी मजबूरी नहीं है।

तेज गेंदबाजी में बेंच पर भी विकल्प हैं। यश दयाल पिछले पूरे आईपीएल में नहीं खेले, फिर भी आरसीबी ने उन्हें रिटेन किया। इससे संकेत मिलता है कि बाएं हाथ का यह गेंदबाज अब भी उसकी योजनाओं में है। जरूरत पड़ने पर अभिनंदन सिंह की रफ्तार आजमाई जा सकती है। उधर हेजलवुड चोटिल हों तो डफी जिम्मेदारी संभाल सकते हैं, और अगर डफी लय में न हों तो नुवान तुषारा उपलब्ध हैं।

फिर किन दो जगहों पर बैकअप चाहिए?

पहली जरूरत फिल साल्ट के बैकअप के लिए एक आक्रामक विदेशी ओपनर की है। जॉर्डन कॉक्स के पास पारी शुरू करने का अनुभव है और वेंकटेश यह जिम्मेदारी फाइनल में निभा चुके हैं। सवाल यह है कि साल्ट फॉर्म खो दें तो कोहली के साथ पहले ही ओवर से गेंदबाज पर हमला कौन करेगा? ऐसा बल्लेबाज मिलने पर आरसीबी को ओपनर बदलते समय पावरप्ले खेलने का अपना तरीका नहीं बदलना पड़ेगा।

दूसरी जरूरत सुयश शर्मा के बैकअप के लिए एक भारतीय रिस्ट स्पिनर की है। सुयश ने मौके मिलने पर प्रभावित किया है और घरेलू क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है। दिक्कत उस दिन आएगी जब वह उपलब्ध नहीं होंगे। क्रुणाल अपने चार ओवर दे सकते हैं, लेकिन बीच के ओवरों में लेग स्पिन से विकेट निकालने के लिए पाटीदार को अलग विकल्प चाहिए। भारतीय स्पिनर लेने का फायदा यह भी होगा कि आखिरी विदेशी जगह ओपनर के लिए बची रहेगी।

आरसीबी की ऑक्शन रणनीति में कौन फिट बैठता है?

पिछले दो साल की खरीदारी देखें तो आरसीबी ने खिलाड़ी चुनते समय इस बात को अहमियत दी है कि मैदान पर उससे कौन-सा काम लिया जा सकता है। इसी पैमाने पर ओपनिंग के लिए एन्यूरिन डोनाल्ड का दावा बनता है। उन्होंने 2026 के टी20 ब्लास्ट में 230.66 के स्ट्राइक रेट से 489 रन बनाए। इस साल टी20 क्रिकेट में उनके रन बनाने की रफ्तार वैभव सूर्यवंशी से भी ज्यादा रही है।

डोनाल्ड इस भूमिका में क्या कर सकते हैं, इसकी झलक 24 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली। इंग्लैंड के लिए उनके साथ दूसरे छोर पर खुद साल्ट थे। दोनों ने 61 गेंदों में 151 रन जोड़े और डोनाल्ड ने 32 गेंदों पर 85 रन की पारी में 9 छक्के लगाए। आरसीबी को कोई दूसरा आक्रामक ओपनर सही कीमत पर मिले तो उसके पास वह रास्ता भी है, लेकिन डोनाल्ड की बल्लेबाजी इस जरूरत से सीधे मेल खाती है।

यह भी पढ़ें →वैभव सूर्यवंशी ने 53 गेंदों पर ठोके 204 रन, एक ही पारी में तोड़े कई विश्व रिकॉर्डवैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ 53 गेंदों पर 204 रन बनाए। उनके 196 रन बाउंड्री से आए और सबसे तेज़ दोहरे शतक का विश्व रिकॉर्ड 51 गेंदों…

स्पिन में पंजाब के लेग स्पिनर कार्तिक चड्ढा संभावित निशाना हैं। उनकी गेंदबाजी की खासियत उनकी विविधता है। सुयश को आराम देना हो तो चड्ढा उनकी जगह ले सकते हैं। वहीं, टर्न लेने वाली पिच पर पाटीदार के पास दोनों को साथ खिलाने का विकल्प भी रहेगा।

आरसीबी के पास पांच जगह खाली हैं और 14.15 करोड़ रुपये के पर्स में इन दोनों के लिए बोली लगाने की गुंजाइश है। चैंपियन टीम होने का फायदा उसे नीलामी की मेज पर यहीं मिलेगा। कीमत हद से आगे जाए तो वह बोली छोड़ सकती है, क्योंकि मौजूदा टीम में भी खिताब जीतने का दम है। सही कीमत पर दोनों बैकअप मिल गए तो साल्ट या सुयश की गैरमौजूदगी में भी पाटीदार अपनी पसंद की क्रिकेट खेल सकेंगे।