भारत-पाकिस्तान का मैच हो और कोई विवाद न हो, ऐसा कहां होता है? पिछले साल एशिया कप में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार किया तो पूरे टूर्नामेंट में इसकी चर्चा रही। फिर दुबई में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीतने के बाद भारतीय टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से भी इनकार कर दिया। टीम ने मैदान पर ट्रॉफी के बिना ही जीत का जश्न मनाया।

इस महीने अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में विवाद की वजह जीत का जश्न बना। भारत को आखिरी गेंद पर 3 रन चाहिए थे और पाकिस्तान को खिताब जीतने के लिए एक विकेट। दसवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए मोहित उल्वा ने चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई। इसके बाद कुछ भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के सामने जिस अंदाज़ में जश्न मनाया, उस पर सवाल उठे।

कुछ दिन बाद ब्लाइंड टी20 एशिया कप के फाइनल में विवाद इस बात पर हुआ कि खिताब किसे मिलना चाहिए। बारिश के कारण एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी और बेहतर नेट रन रेट के आधार पर पाकिस्तान को विजेता घोषित कर दिया गया। भारत के दृष्टिबाधित क्रिकेट संघ ने आरोप लगाया कि तकनीकी समिति ने दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित करने का फैसला किया था, जिसे विश्व दृष्टिबाधित क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष सुल्तान शाह ने पलट दिया।

आज दोहा में हो गई टॉस कंट्रोवर्सी

आज के भारत vs पाकिस्तान मैच में भी एक बड़ी कंट्रोवर्सी हो गई, और वो भी टॉस में। राइजिंग स्टार्स एशिया कप के इस मुकाबले में भारत ए के कप्तान तिलक वर्मा ने सिक्का उछाला और पाकिस्तान ए के कप्तान अब्दुल समद ने हेड्स मांगा। सिक्का ज़मीन पर गिरा तो मैच रेफरी ने टेल्स कहा। उनकी इस घोषणा के मुताबिक बल्लेबाजी या गेंदबाजी चुनने की बारी तिलक की थी।

यह भी पढ़ें →खत्म हो गई सूर्यकुमार यादव की टीम इंडिया में वापसी की उम्मीदेंसूर्यकुमार यादव ने 62 गेंदों में 167 रन बनाए, फिर भी भारत की टी20 टीम में वापसी मुश्किल है। जानें 36 की उम्र और युवाओं की दावेदारी क्यों…

इसी बीच समद ने झुककर सिक्का देखा। हेड्स आया था। उन्होंने सिक्के की ओर इशारा कर रेफरी को उनकी चूक बताई। तिलक ने भी सिक्का देखा और समद की बात मान ली। पाकिस्तान ए ने टॉस जीता और समद ने पहले बल्लेबाजी चुनी।

रेफरी की चूक पर फिक्सिंग का आरोप क्यों लगा?

सोशल मीडिया पर कुछ फैंस ने सवाल उठाया कि अगर समद रेफरी की बात मानकर हट जाते, तो क्या तिलक से बल्लेबाजी या गेंदबाजी चुनने को कह दिया जाता? कुछ फैंस ने भारत को जानबूझकर टॉस जिताने की कोशिश का आरोप लगाया और जांच की मांग की। कुछ ने यह अटकल भी लगाई कि टॉस के दौरान विवाद होने पर सट्टा लगा हो सकता है।

पहली नज़र में ऐसा लगता है कि रेफरी ने जल्दबाज़ी में सिक्का देखा और हेड्स को टेल्स समझ लिया। मुमकिन है कि भारत-पाकिस्तान जैसे बड़े मुकाबले के दबाव में वे उस पल घबरा गए हों। इस घटना को सट्टेबाजी या जानबूझकर भारत को टॉस जिताने की कोशिश से जोड़ने वाला कोई ठोस सबूत अब तक सामने नहीं आया है।

View this twitter post ↗